रामगढ़वा। रामगढ़वा में मनाई जाएगी बाबा साहेब की जयंती, बैठक में बनी रणनीति
चम्पारण टूडे, पूर्वी चम्पारण रामगढ़वा। आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए अंबेडकर ज्ञान मंच के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जयंती समारोह रामगढ़वा में बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा। वही बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संकल्प व्यक्त किया कि इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से बहुजन समाज, संविधान प्रेमी नागरिकों तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल हों। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए लोगों से अपील की गई कि वे बाइक एवं अन्य वाहनों के साथ-साथ बैंड-बाजा, ताशा, ढोल-नगाड़ा जैसे वाद्य यंत्र लेकर पहुंचें। कार्यक्रम से पूर्व रामगढ़वा बाजार परिसर से मेन रोड होते हुए एक भव्य झांकी भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवा वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बैठक में मिथिलेश पासवान,नन्दू राम,सुमन राम, अर्जुन देव पासवान, जय राम राम सहित अन्य उपस्थित साथियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। अंबेडकर ज्ञान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने समाज के प्रबुद्ध वर्ग एवं युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि यदि बाबा साहेब नहीं होते, तो आज हमें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार भी प्राप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय संविधान के माध्यम से समाज में समानता और अधिकारों की नई राह दिखाई है। उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब की जयंती को हम सभी राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाते हैं। इस दिन लोग नए वस्त्र पहनकर, अपने-अपने मोहल्लों में एकत्र होकर पूजा-अर्चना करते हैं तथा तत्पश्चात सामूहिक रूप से कार्यक्रम में भाग लेते हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अंबेडकर ज्ञान मंच की पूरी टीम आज से ही कार्यक्रम की तैयारी में जुट जाएगी ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक और सफल बन सके। उक्त खबर की जानकारी जय भीम कार्यकर्ता मुनेश राम ने शुक्रवार को दी। इस बैठक में मिथिलेश पासवान, अर्जुन देव पासवान, जय राम राम, रवि कुमार, पंचम कुमार राम, प्रमोद कुमार, सत्येन्द्र पासवान, जय प्रकाश राम, पिंटू राम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0