नेपाल : फेसबुक, यूट्यूब, एक्स और व्हाट्सएप सहित 26 सोशल मीडिया साइट्स बंद, नेपाल सरकार ने लिया बड़ा फैसला, सीमावर्ती लोगों को होगी परेशानी

चम्पारण टुडे /काठमांडू। काठमांडू/रक्सौल। नेपाल सरकार ने एक बड़ा और कड़ा फैसला लेते हुए देश में फेसबुक, यूट्यूब, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप समेत कुल 26 सोशल मीडिया साइट्स को बंद करने का आदेश जा......

Sep 5, 2025 - 14:29
Sep 5, 2025 - 14:35
 0  63
नेपाल : फेसबुक, यूट्यूब, एक्स और व्हाट्सएप सहित 26 सोशल मीडिया साइट्स बंद, नेपाल सरकार ने लिया बड़ा फैसला, सीमावर्ती लोगों को होगी परेशानी

चम्पारण टुडे /काठमांडू।
काठमांडू/रक्सौल। नेपाल सरकार ने एक बड़ा और कड़ा फैसला लेते हुए देश में फेसबुक, यूट्यूब, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप समेत कुल 26 सोशल मीडिया साइट्स को बंद करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश आज रात से ही लागू हो गया है। 

सरकार का कहना है कि यह कदम फर्जी सूचनाओं के प्रसार, सामाजिक अशांति और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन प्लेटफार्म्स की सेवाएं तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएं।

सीमा क्षेत्र में बढ़ी चिंता :
नेपाल सरकार के इस कदम का असर सिर्फ नेपाल के नागरिकों पर ही नहीं पड़ेगा, बल्कि भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों — खासकर बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया और सुपौल में रहने वाले लोगों पर भी दिखाई देगा। दरअसल, बड़ी संख्या में बिहार के लोग रोज़मर्रा की बातचीत, व्यापारिक संपर्क और रिश्तेदारी निभाने के लिए नेपाल में रहने वाले अपने परिचितों से व्हाट्सएप और फेसबुक कॉलिंग के जरिए जुड़े रहते हैं। अब सोशल मीडिया बैन से इस संपर्क में मुश्किलें बढ़ेंगी।

व्यापार और पर्यटन पर भी असर :
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से नेपाल के व्यापार और पर्यटन क्षेत्र को झटका लग सकता है। बड़ी संख्या में पर्यटक नेपाल यात्रा के दौरान इंटरनेट और सोशल मीडिया पर निर्भर रहते हैं। वहीं सीमा क्षेत्र के हजारों छोटे व्यापारी भी ऑर्डर और संपर्क के लिए इन प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेते हैं।

लोगों की प्रतिक्रिया :
नेपाल और बिहार की जनता इस फैसले को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया दे रही है। कुछ लोग इसे फर्जी खबरों पर नियंत्रण की दिशा में सही कदम मान रहे हैं, तो वहीं कई युवा इसे आवाज दबाने की कोशिश बता रहे हैं। सीमा क्षेत्र के एक छात्र ने कहा, “हमारा ऑनलाइन क्लास फेसबुक और यूट्यूब से चलता है, अब पढ़ाई पर असर पड़ेगा।” वहीं एक व्यापारी ने कहा, “हर छोटा-बड़ा काम अब व्हाट्सएप पर होता है, इसे बंद कर देना सही नहीं है।”

आगे क्या होगा? :
फिलहाल यह साफ नहीं है कि नेपाल सरकार का यह बैन अस्थायी है या स्थायी। लेकिन इतना तय है कि इसका असर नेपाल और भारत दोनों के नागरिकों पर सीधा पड़ेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0