घोड़ासहन : गुदरी बाजार स्थित जलकुंभी से ढके पोखर में युवक के डूबने की आशंका, स्थानीय लोगो के सहयोग से दूसरे दिन भी जारी रहा एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन

गुदरी बाजार स्थित जलकुंभी से ढके पोखर में युवक सिकिन्दर ठाकुर उर्फ चाइनीज के डूबने की आशंका के बाद दूसरे दिन भी एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन का संयुक्त सर्च ऑपरेशन जारी रहा। जलकुंभी की मोटी परत के कारण राहत कार्य में भारी कठिनाई आ रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था और प्रशासन द्वारा तलाश अभियान लगातार जारी रखा गया है।

Aug 04, 2026 - 14:38
Updated: 12 hours ago
0 50
घोड़ासहन : गुदरी बाजार स्थित जलकुंभी से ढके पोखर में युवक के डूबने की आशंका, स्थानीय लोगो के सहयोग से दूसरे दिन भी जारी रहा एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन

चम्पारण टुडे /सिकरहना /पूर्वी चम्पारण 
घोड़ासहन। स्थानीय गुदरी बाजार स्थित जलकुंभी से पूरी तरह ढके पोखर में एक युवक के डूबने की आशंका को लेकर मंगलवार को भी राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। युवक की पहचान गुदरी बाजार निवासी अच्छेलाल ठाकुर के लगभग 25 वर्षीय पुत्र सिकिन्दर ठाकुर उर्फ चाइनीज के रूप में हुई है। सोमवार देर शाम से ही स्थानीय प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर कैंप कर स्थिति की निगरानी की जा रही है।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पीपराकोठी से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने पोखर में युवक की तलाश शुरू की। हालांकि पूरे पोखर में फैली घनी जलकुंभी के कारण अभियान काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। एसडीआरएफ के प्रभारी एसआई कृष्णा कुमार ने बताया कि टीम पानी में खोजबीन करने में सक्षम है, लेकिन जलकुंभी की मोटी परत के कारण सर्च ऑपरेशन प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों के सहयोग से जलकुंभी हटाकर लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था । 

पत्नी के लिए खरीदी थी सावन की चूड़ियां :-
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार सिकिन्दर ठाकुर प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह पेटी-अलमीरा बनाने वाली एक कार्यशाला में मजदूरी करने गया था। दिनभर काम करने के बाद मिली लगभग 350 रुपये की मजदूरी से उसने सावन के अवसर पर अपनी पत्नी के लिए चूड़ियां और लहठी खरीदी थी। बताया जाता है कि शाम को वह दोबारा कार्यशाला पहुंचा और अचानक पोखर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद कारीगरों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर सुरक्षित बैठाया, लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक पीछे के रास्ते से निकलकर फिर पोखर की ओर भागा और दोबारा छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जलकुंभी के ऊपर दौड़ते हुए कुछ दूरी तक गया, लेकिन देखते ही देखते वह लोगों की नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।

रातभर चला प्रशासन का रेस्क्यू अभियान :-
घटना की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस ने देर रात तक स्थानीय स्तर पर खोजबीन की, लेकिन घनी जलकुंभी के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर घोड़ासहन के अंचलाधिकारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद चौकीदार की प्रतिनियुक्ति करते हुए एसडीआरएफ को बुलाया गया। मंगलवार को भी प्रशासन की निगरानी में खोज अभियान जारी रहा। मौके पर राजस्व अधिकारी सकलदेव प्रसाद, घोड़ासहन थाना की एएसआई पूजा कुमारी, पुलिस बल, एसडीआरएफ की टीम तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User