रामगढ़वा : जन सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, नल-जल योजना की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा
चम्पारण टुडे/ रक्सौल / पूर्वी चम्पारण रामगढ़वा। प्रखंड क्षेत्र की शिवनगर इनरवा, मंगलपुर पटनी एवं सिंहासनी पंचायतों में मंगलवार को आयोजित जन सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के समक्ष खुलकर अपनी शिकायतें रखीं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था। शिविर में रक्सौल के एसडीएम मनीष कुमार, रामगढ़वा के बीडीओ
चम्पारण टुडे/ रक्सौल / पूर्वी चम्पारण
रामगढ़वा। प्रखंड क्षेत्र की शिवनगर इनरवा, मंगलपुर पटनी एवं सिंहासनी पंचायतों में मंगलवार को आयोजित जन सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के समक्ष खुलकर अपनी शिकायतें रखीं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था। शिविर में रक्सौल के एसडीएम मनीष कुमार, रामगढ़वा के बीडीओ राकेश कुमार सिंह, अंचल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे अधिक शिकायतें सिंहासनी पंचायत से सामने आईं, जहां ग्रामीणों ने हर घर नल-जल योजना की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप था कि पीएचईडी विभाग की लापरवाही और नियमित निगरानी के अभाव में योजना का लाभ अधिकांश वार्डों तक नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के 15 वार्डों में से केवल वार्ड संख्या 4 एवं 9 में ही नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जबकि अधिकांश वार्डों में नल-जल योजना के उपकरण निजी जमीन पर स्थापित होने अथवा रखरखाव के अभाव में अनुपयोगी हो चुके हैं।
वहीं शिवनगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 एवं 7 के ग्रामीणों ने नाला निर्माण कार्य ठप रहने तथा नल-जल योजना के तहत अनियमित जलापूर्ति की शिकायत की। लोगों का कहना था कि कई महीनों से मनमाने ढंग से पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मनीष कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण करने एवं समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविर के दौरान कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 42 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 16 आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। अधिकारियों ने लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन कराने का भरोसा दिया।इस अवसर पर शिवनगर पंचायत के मुखिया शिवचंद्र यादव, सिंहासनी पंचायत की मुखिया अनीता सिंह, मंगलपुर पटनी के मुखिया अशोक सिंह, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच एवं वार्ड सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही बीसीओ अशोक पन्ना, बीएओ पारसनाथ काजी, रामगढ़वा थाना के एसआई राधेश्याम यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद थे।
ग्रामीणों ने जन सहयोग शिविर को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की एक सकारात्मक पहल बताया तथा उम्मीद जताई कि शिविर में उठाई गई समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)