पूर्वी चंपारण में अभिषेक यादव की हत्या पर भड़के सांसद पप्पू यादव, बोले, "अब अपराधी नेताओं को पाल रहे हैं, बिहार की कानून व्यवस्था ICU में है"

चम्पारण टुडे /रानीपट्टी (पूर्वी चंपारण) 30 जून 2025  पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव आज पूर्वी चंपारण के रानीपट्टी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने तेजाब से मारे गए अभिषेक यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। इस निर्मम ......

Jun 30, 2025 - 20:52
0 37
पूर्वी चंपारण में अभिषेक यादव की हत्या पर भड़के सांसद पप्पू यादव, बोले, "अब अपराधी नेताओं को पाल रहे हैं, बिहार की कानून व्यवस्था ICU में है"

चम्पारण टुडे /रानीपट्टी (पूर्वी चंपारण) 30 जून 2025 
पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव आज पूर्वी चंपारण के रानीपट्टी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने तेजाब से मारे गए अभिषेक यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। इस निर्मम हत्या से समूचे इलाके में आक्रोश है।

सांसद पप्पू यादव ने इसे मानवता और कानून व्यवस्था पर गहरा धब्बा बताया और साफ कहा, “यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज और सिस्टम के मुंह पर तमाचा है।”

तेजाब से की गई थी हत्या, पूरे क्षेत्र में फैला आक्रोश :
स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिषेक यादव की हत्या अपराधियों ने तेजाब डालकर की थी, जिससे पूरे गांव और जिले में भय और आक्रोश का माहौल है।

सांसद ने की स्पीडी ट्रायल की मांग :
पप्पू यादव ने वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर इस मामले में तीन महीने में स्पीडी ट्रायल की मांग की और कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मामले की एसआईटी जांच की भी मांग की है।

अपराधियों और नेताओं की मिलीभगत पर बड़ा हमला :
पप्पू यादव ने स्पष्ट कहा, “पहले नेता अपराधियों को पालते थे, अब अपराधी नेताओं को पाल रहे हैं। हर पार्टी अपराधियों को टिकट देकर उन्हें संरक्षण दे रही है। अगर यह गठजोड़ खत्म नहीं किया गया तो समाज तबाही की ओर बढ़ जाएगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार की गिरती कानून व्यवस्था को लेकर वे इस मुद्दे को महामहिम राज्यपाल के समक्ष भी रखेंगे।

बिहार में कानून का इकबाल खत्म हो गया है :
पप्पू यादव ने बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला करते हुए कहा, “आज अपराधियों का मनोबल चरम पर है। सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं बदली गई तो आम जनता की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।”

मौके पर जुटी भारी भीड़, स्थानीय नेताओं की भी मौजूदगी :
सांसद के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। मौके पर उपस्थित नेताओं में पूर्व जिला अध्यक्ष मुख्तार प्रसाद गुप्ता, पूर्व प्रत्याशी अंकुश कुमार सिंह, पूर्व प्रमुख विनोद यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य शिवजी पासवान, मुखिया सुरेंद्र राय, पूर्व मुखिया रामबाबू राय समेत हजारों ग्रामीण शामिल रहे।

यह हत्या केवल एक अपराध नहीं, बल्कि बिहार में कानून व्यवस्था की हकीकत को उजागर करती है। क्या इस बार पीड़ित परिवार को मिलेगा न्याय? क्या सत्ता और अपराध के गठजोड़ पर लगेगा ब्रेक?

आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है - कमेंट बॉक्स में बताएं: क्या आपको लगता है बिहार में कानून व्यवस्था सही दिशा में है?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User