सीतामढ़ी :- शिवहर में पर्यावरण और इको-टूरिज्म को लेकर अहम बैठक संपन्न, 'हाथीसर तालाब' बनेगा इको-टूरिज्म का नया केंद्र!
सागर कुमार, चंपारण टुडे, ,, सीतामढ़ी ब्यूरो,,
सीतामढ़ी(शिवहर) :- समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कक्ष में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिले के पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध हेतु गठित समिति, जिला आद्रभूमि (संरक्षण एवं प्रबंधन) समिति तथा जिला टास्क फ़ोर्स समिति के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के समग्र पर्यावरणीय विकास को लेकर निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिले की वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए शिवहर में 'वायु प्रदूषण मापक यंत्र' स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही, तरल अपशिष्ट के सुरक्षित और वैज्ञानिक निपटान हेतु (आफ एस टी पी) के अधिष्ठापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले 'सिंगल यूज प्लास्टिक' के उपयोग पर पूरी तरह से लगाम कसने के लिए जिले भर में सघन छापेमारी अभियान चलाने का सख्त निर्देश जिलाधिकारी महोदया द्वारा दिया गया है।
गंगा नदी की प्रमुख सहायक नदी 'बागमती' को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए इसकी जल गुणवत्ता के नियमित परीक्षण और अनुश्रवण पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, जिले की सभी भू-सत्यापित आद्रभूमियों के संरक्षण एवं उनके उचित प्रबंधन की रूपरेखा तैयार की गई।
जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'हाथीसर तालाब' को एक आकर्षक इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर मुहर लगी है। जिले में पथ चौड़ीकरण और बांध सुदृढीकरण के कार्यों में काटे जाने वाले वृक्षों की क्षतिपूर्ति हेतु नए 'वनागर' (नर्सरी/वनीकरण) के निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, शहर के भीतर 'नगर वन' (सिटी फॉरेस्ट) विकसित करने और कृषि वानिकी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
किसानों और स्थानीय लोगों द्वारा प्राप्त शिकायतों के आलोक में घोरप्रास (नीलगाय) तथा जंगली सूअरों द्वारा फसल नुकसान और उनके आखेट/नियंत्रण से संबंधित मामलों के त्वरित एवं वैज्ञानिक निस्तारण हेतु वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी महोदया ने स्पष्ट किया कि जिले में चल रहे सभी विकासात्मक एवं औद्योगिक कार्यों में पर्यावरणीय नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर इन सभी योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारने का कड़ा निर्देश दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)