सीतामढ़ी :- छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने घाटों पर पहुँचे जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक।
-- साफ-सफाई, सुदृढ़ बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
सागर कुमार, चंपारण टुडे, ,,सीतामढ़ी ब्यूरो,,
सीतामढ़ी(शिवहर) :- आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधाओं के दृष्टिगत डीएम प्रतिभा रानी, एसपी मोइबुल्लाह अंसारी, शिवहर द्वारा जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पछियारी पोखर, सरसौला मठ पोखर, हाता चमनपुर, गौरी शंकर मठ, देकुली धाम, डूबबा घाट, बेलवा घाट एवं पिपराही पुल घाट सहित अन्य महत्वपूर्ण घाटों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। पदाधिकारीद्वय ने घाटों की साफ-सफाई, पहुँच पथ, जलस्तर, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
इस क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, शिवहर तथा शिवहर एवं पिपराही के प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निम्नलिखित निर्देश दिए ,सभी छठ घाटों, सीढ़ियों एवं संपर्क मार्गों की सघन सफाई सुनिश्चित की जाए। घाट परिसर तथा जलाशयों के किनारे जमा कूड़ा-कचरा, जलकुंभी एवं अन्य अपशिष्ट हटाए जाएँ। सफाई के उपरांत कचरे का समुचित निस्तारण किया जाए तथा पर्व अवधि में नियमित सफाई की व्यवस्था रखी जाए।
घाटवार जलस्तर एवं पानी की गहराई का आकलन कर सुरक्षित सीमा निर्धारित की जाए। गहरे पानी की ओर श्रद्धालुओं का प्रवेश रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। खतरनाक एवं अधिक गहराई वाले स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाएँ।
छठव्रतियों के आने-जाने वाले रास्तों की मरम्मत एवं समतलीकरण कराया जाए। गड्ढों, कीचड़ तथा फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाया जाए। घाट की सीढ़ियों एवं ढलान वाले हिस्सों पर विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका कम हो।
संध्या अर्घ्य एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान घाटों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर खुले, क्षतिग्रस्त अथवा नीचे लटकते तारों को दुरुस्त कराया जाए। अस्थायी विद्युत संयोजन सुरक्षित तरीके से किए जाएँ तथा तारों को पानी एवं श्रद्धालुओं की पहुँच से दूर रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की जाए। घाटों के निकट अनावश्यक वाहन प्रवेश एवं अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं तथा आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो।
संवेदनशील घाटों पर आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित गोताखोरों, बचाव दल एवं आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु समन्वय किया जाए। आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों की संपर्क विवरणी उपलब्ध रखी जाए।
स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रमुख घाटों पर प्राथमिक उपचार तथा आवश्यकतानुसार एंबुलेंस की उपलब्धता की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर वस्त्र परिवर्तन कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डूबबा घाट, बेलवा घाट एवं पिपराही पुल घाट सहित नदी किनारे स्थित घाटों पर जलस्तर, बहाव, कटाव एवं किनारों की स्थिति की सतत निगरानी रखी जाए। असुरक्षित हिस्सों को चिह्नित कर वहाँ श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका जाए तथा स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी दी जाए।
संबंधित पदाधिकारी स्थानीय छठ पूजा समितियों एवं स्वयंसेवकों के साथ समन्वय स्थापित कर घाटवार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें। स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की तत्काल सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान चिह्नित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में पूर्ण कराया जाए। संबंधित पदाधिकारी स्वयं स्थल पर उपस्थित होकर व्यवस्थाओं का सत्यापन करें तथा अनुपालन की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराएँ। सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय पर पूर्ण करें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य दें, बैरिकेडिंग के आगे न जाएँ, बच्चों को जलाशयों के निकट अकेला न छोड़ें तथा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा समस्या की सूचना तत्काल प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)