सीतामढ़ी :- न्यायालय के आदेश पर चोरौत में चिपकाया गया इश्तेहार
सागर कुमार, चंपारण टुडे, ,,सीतामढ़ी ब्यूरो,,
सीतामढ़ी(चोरौत) :- आठवीं कक्षा के छात्र मोहम्मद तौफिक की निर्मम हत्या के चर्चित मामले में चोरौत पुलिस ने फरार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय से निर्गत आदेश के आलोक में शनिवार को पुलिस ने फरार आरोपितों के घर पहुंचकर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की। इस दौरान पूरे इलाके में पुलिस की मौजूदगी से हलचल का माहौल रहा।
थानाध्यक्ष मोनी कुमारी, अपर थानाध्यक्ष विक्की कुमार, एएसआई चंद्रप्रकाश कुमार तथा पुलिस बल की मौजूदगी में न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, चोरौत थाना कांड संख्या 119/26 में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर नामजद अभियुक्त पप्पू मंडल, दिनेश सहनी और सूर्याकला देवी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
वहीं फरार चल रहे नामजद अभियुक्त विशेश्वर मंडल, उसकी पत्नी सुरती देवी, पुत्र नवल मंडल, कामिनी देवी, रूपेश मंडल, जुगल मंडल तथा सुरसंड थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी कमलेश मंडल के घर पर न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चिपकाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि भंटाबारी गांव निवासी सरीफुल सेख के पुत्र मोहम्मद तौफिक, जो आठवीं कक्षा का छात्र था,उसकी हत्या गांव के कब्रिस्तान में बेरहमी से कर दी गई थी। आरोप है कि उसे ईंट से हमला कर, चाकू से वार करते हुए तेजाब का भी इस्तेमाल किया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक के पिता के बयान पर चोरौत थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अब न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चिपकाए जाने के बाद फरार आरोपितों पर कानूनी शिकंजा और कस गया है। पुलिस का कहना है कि सभी फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)