सीतामढ़ी :- कलश शोभायात्रा में शामिल होने गया युवक बागमती नदी में लापता

Oct 19, 2026 - 05:08
0 6
सीतामढ़ी :- कलश शोभायात्रा में शामिल होने गया युवक बागमती नदी में लापता

सागर कुमार, चंपारण टुडे, ,, सीतामढ़ी ब्यूरो,,

सीतामढ़ी(बेलसंड) :बेलसंड नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच निवासी बबलू गुप्ता का 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार बागमती नदी के चंदौली घाट से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि कलश शोभायात्रा के दौरान जल भरने या स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया। घटना के 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को रजिस्ट्री चौक पूजा समिति द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई थी। इसमें शामिल होने के लिए अमित कुमार भी श्रद्धालुओं के साथ बागमती नदी के चंदौली घाट गया था। शोभायात्रा संपन्न होने के बाद जब अन्य श्रद्धालु घर लौट आए लेकिन अमित वापस नहीं पहुंचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चल सका। चंदौली घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने आशंका जताई है कि जल बोझी या स्नान करने के दौरान अमित अनजाने में गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया। युवक के लापता होने की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन रविवार सुबह हरकत में आया। बागमती नदी में लापता युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को चंदौली घाट पर उतारा गया। एसडीआरएफ की टीम दो मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से चंदौली घाट से लेकर नदी के बहाव वाले दूर-दराज के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नदी के विभिन्न हिस्सों में जाल और कांटा डालकर भी तलाश की जा रही है। हालांकि, नदी के तेज बहाव और जलस्तर के कारण बचाव दल को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार प्रेषण तक लापता अमित कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User