सीतामढ़ी :- चोरौत में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाया गया अभियान, हुई बड़ी कार्रवाई

Feb 16, 2026 - 21:35
 0  3
सीतामढ़ी :- चोरौत में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाया गया अभियान, हुई बड़ी कार्रवाई

सागर कुमार, चम्पारण टुडे (सीतामढ़ी ब्यूरो)

सीतामढ़ी(चोरौत) :- प्रखंड मुख्यालय व इसके आसपास के प्रमुख बाजारों में वर्षों से जमे अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। जिलाधिकारी रिची पांडे के कड़े निर्देश के बाद सोमवार को चोरौत के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में जिलाधिकारी श्री पांडे के जनता दरबार में स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण और उससे होने वाली यातायात समस्याओं को लेकर आवेदन दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई का आदेश जारी किया। इसी आलोक में स्थानीय प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर सड़कों को खाली कराया।

प्रशासनिक टीम ने चोरौत प्रखंड के उन सभी संकरे रास्तों और चौक-चौराहों को निशाना बनाया जहाँ दुकानों और अवैध निर्माण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। मुख्य रूप से लाइन होटल क्षेत्र,दुर्गा चौक एवं बजरंग चौक,नीमबाड़ी बाजार,अम्बेडकर चौक आदि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार अमन,अंचलाधिकारी रमेश कुमार, थानाध्यक्ष मोनी कुमारी,अपर थानाध्यक्ष विक्की कुमार,खुद मोर्चा संभाले हुए थे।

साथ ही, एसआई पुनीत कुमार, एसआई उपेन्द्र कुमार, एएसआई राकेश कुमार और डायल 112 की टीम भी मुस्तैद रही। इस दौरान कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन की इस पहल का समर्थन किया।

अंचलाधिकारी रमेश कुमार ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों की सीमा के भीतर ही सामान रखें ताकि आम जनता और राहगीरों को परेशानी न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0