सीतामढ़ी :- बकाये राशि देने में बिलम्ब, लाठी डंडा से पीट पीट का हत्या, पुलिस जुटी जांच में

Oct 25, 2026 - 10:06
0 7
सीतामढ़ी :- बकाये राशि देने में बिलम्ब, लाठी डंडा से पीट पीट का हत्या, पुलिस जुटी जांच में

सागर कुमार, चंपारण टुडे, ,, सीतामढ़ी ब्यूरो ,,

सीतामढ़ी(सोनबरसा) :- भुतही थाना क्षेत्र की मढ़िया पंचायत के तिलंगही गांव में शनिवार सुबह एक हजार रुपये के बकाये को लेकर 61 वर्षीय दिव्यांग रहमान शाह की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर देने का आरोप लगा है। सूचना मिलने पर भुतही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच में जुट गई। मृतक की पत्नी भी दिव्यांग हैं। दोनों किराये के मकान में रहकर जीवन गुजार रहे थे। पति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान तिलंगही वार्ड संख्या तीन निवासी सकुर साह के 61 वर्षीय दिव्यांग पुत्र रहमान शाह के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी हकीदा खातून ने बताया कि घटना शनिवार सुबह की है। रुपये का भुगतान उसी दिन शाम को किया जाना था। आरोप है कि गांव के ही श्रीचंद महतो के पुत्र रामनारायण महतो ने पहले घर पहुंचकर रहमान शाह के गले में गमछा डालकर घसीटा और फिर लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने तीन दिन पहले भी धमकी दी थी। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर के सामने शव रखकर ग्रामीण सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर भुतही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने भी जांच की और साक्ष्य जुटाने में जुटी रही। 

भुतही थानाध्यक्ष चन्द्रगुप्त कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, रुपये के लेन-देन को लेकर मारपीट की गई थी, जिसके कारण यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी के घर से एक महिला को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। पति की मौत के बाद पत्नी के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा मोकील साह 18 वर्ष का और छोटा बेटा वकील साह 14 वर्ष का है। दोनों बाहर रहकर मजदूरी का कार्य करते हैं। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति और इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User