ढाका : जिहुली हत्याकांड पर पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने जताया दुख, गांव को ‘सामंती’ कहने पर राजद नेताओं को घेरा
जिहुली गांव में पानी गिरने और नाला विवाद को लेकर हुई हत्या की घटना पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने दुख जताते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने बताया कि कुछ नामजद अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं और शेष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। पवन जायसवाल ने पूरे जिहुली गांव को ‘सामंती’ कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिहुली वर्षों से सामाजिक सद्भाव, समरसता और गौरवशाली परंपरा के लिए जाना जाता है। उन्होंने राजद नेताओं पर घटना को राजनीतिक रंग देकर गांव की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
चम्पारण टुडे /सिकरहना /पूर्वी चम्पारण
सिकरहना। जिहुली गांव में पानी गिरने और नाला विवाद को लेकर रंजिश में हुई हत्या की घटना पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है और शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि घटना में नामजद अभियुक्तों में कुछ की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी द्वारा 48 घंटे के भीतर इनाम की घोषणा सहित सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
पूर्व विधायक ने घटना को लेकर गांव की सामूहिक छवि पर सवाल उठाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि एक दुखद और आपराधिक घटना को आधार बनाकर पूरे जिहुली गांव को ‘सामंती’ कहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उनके अनुसार, किसी व्यक्ति या समूह की आपराधिक घटना के आधार पर पूरे गांव की सामाजिक पहचान निर्धारित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जिहुली चम्पारण के प्रमुख सनातनी गांवों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और वर्षों से सामाजिक सद्भाव, सामाजिक समरसता तथा गौरवशाली परंपरा के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने जिहुली से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांव की अपनी एक गौरवशाली सामाजिक पहचान रही है।
पवन जायसवाल ने कहा कि जिहुली से लगभग दो दशक तक भाजपा विधायक रहे अवनीश सिंह, चम्पारण के वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. अनिरुद्ध बाबू, पटना के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रविभूषण शर्मा तथा चम्पारण के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार जैसे अनेक सम्मानित लोगों का जुड़ाव रहा है। ऐसे गांव की पहचान को राजनीतिक स्वार्थ के लिए ‘सामंती’ जैसे शब्दों के माध्यम से बदनाम करना उचित नहीं है। पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी दुखद घटना को राजनीतिक रंग देकर सामाजिक सद्भाव और क्षेत्र के माहौल को बिगाड़ने का प्रयास स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने राजद नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिहुली जैसे सामाजिक एवं सनातनी बहुल गांव की छवि को राजनीतिक बयानबाजी के माध्यम से बदनाम करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ऐसे प्रयासों की कड़ी निंदा की और लोगों से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)