घोड़ासहन : टावर पर युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
चम्पारण टुडे /सिकरहना /पूर्वी चम्पारण।
पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरता चौक के समीप स्थित करीब 60 फीट ऊंचे टावर पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना घोड़ासहन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान हैदर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नेपाल का रहने वाला था। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इधर ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि युवक पारिवारिक विवाद से परेशान हो सकता था, जबकि कुछ ग्रामीणों ने उसे मानसिक रूप से परेशान या विक्षिप्त अथवा असामान्य व्यवहार करने वाला भी बताया है। हालांकि इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)