घोड़ासहन : अनंत चतुर्दशी को लेकर शेखौना में ऑन-स्पॉट बैठक, कांवड़िया मार्ग पर बनी सहमति
घोड़ासहन थाना क्षेत्र के शेखौना गांव में अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर पुलिस एवं शांति समिति की ऑन-स्पॉट बैठक हुई। बैठक में कांवड़ियों के आवागमन के मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। लोगों से शांति, सद्भाव एवं आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
चम्पारण टुडे /सिकरहना /पूर्वी चम्पारण
घोड़ासहन। अनंत चतुर्दशी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ग्राम शेखौना में शांति समिति के सदस्यों के साथ ऑन-स्पॉट बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से कांवड़ियों के आवागमन के रास्ते को लेकर स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया तथा आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान आने-जाने वाले कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। मौके पर संबंधित मार्ग का निरीक्षण कर संभावित समस्याओं को चिन्हित किया गया और उनके समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने लोगों से शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा किसी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ऑन-स्पॉट बैठक के बाद कांवड़िया मार्ग को लेकर उत्पन्न संभावित समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक माहौल बना।

What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)