घोड़ासहन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.590 किलोग्राम अफीम के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार
घोड़ासहन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बस स्टैंड पर कार्रवाई करते हुए 6.590 किलोग्राम अफीम के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। महिला पुलिसकर्मियों की तलाशी में उनके शरीर में छिपाकर रखा गया अफीम बरामद हुआ। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुगौली निवासी सीमा देवी और नेपाल के वैराटपुर निवासी बेदामी देवी के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई एवं तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है।
चम्पारण टुडे / सिकरहना / पूर्वी चम्पारण
पूर्वी चम्पारण जिले की घोड़ासहन पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.590 किलोग्राम अफीम के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि दो महिलाएं अपने शरीर में मादक पदार्थ छिपाकर घोड़ासहन बस स्टैंड से कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बस स्टैंड पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर दो महिलाओं को रोका गया। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उनके शरीर में छिपाकर रखा गया कुल 6.590 किलोग्राम अफीम बरामद हुआ। बरामद अफीम अलग-अलग पैकेटों में थी, जिनमें 2 किलोग्राम, 500 ग्राम, 250 ग्राम तथा 90 ग्राम के पैकेट शामिल हैं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पूर्वी चम्पारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के गुदरा निवासी सीमा देवी (पति–गेनालाल साहनी) तथा नेपाल के कलैया थाना क्षेत्र के वैराटपुर निवासी बेदामी देवी (पति–जनकधारी साहनी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में घोड़ासहन थाना पुलिस की टीम के साथ घोड़ासहन के राजस्व पदाधिकारी सकलदेव प्रसाद भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)