रामगढ़वा : पुलिस की बड़ी कामयाबी, महज साढ़े तीन घंटे में सीएसपी लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार
रामगढ़वा थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से हुई लूटकांड का पुलिस ने महज साढ़े तीन घंटे में खुलासा कर दिया। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि दो अपराधियों को गिरफ्तार कर ₹5.35 लाख नकद, दो देसी कट्टा, कारतूस और मास्क बरामद किया गया। लूट के बाद अपराधी गन्ने के खेत में छिप गए थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना पांडे (हरसिद्धि) और दीपक चौबे (गोविंदगंज) के रूप में हुई है। दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।
चम्पारण टुडे /रामगढ़वा /पूर्वी चम्पारण। 26 जुलाई 2025
रामगढ़वा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की संध्या हुई सीएसपी संचालक लूटकांड का पुलिस ने महज साढ़े तीन घंटे में खुलासा कर दिया। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से ₹5,35,000 नकद, दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मास्क बरामद किया गया है।
गन्ने के खेत में छिपे थे अपराधी, घेराबंदी के बाद किया आत्मसमर्पण :
शुक्रवार की शाम सीएसपी संचालक जब बैंक से रुपए लेकर अपने केंद्र लौट रहे थे, उसी दौरान मुशहरी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूटपाट की। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा किया, जिससे घबराकर अपराधियों की बाइक गिर गई और वे पास के गन्ने के खेत में छिप गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 500 मीटर के दायरे में घेराबंदी कर दी। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों अपराधियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान :
मुन्ना पांडे, निवासी - हरसिद्धि थाना क्षेत्र
दीपक चौबे, निवासी - गोविंदगंज थाना क्षेत्र
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि इस वारदात में शामिल दो अन्य अपराधियों की पहचान की जा चुकी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही बाकी अपराधियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
पूरे नेटवर्क की हो रही है जांच :
रामगढ़वा थाना अध्यक्ष राजीव कुमार साह, एसआई अजीत कुमार सिंह, रेणु देवी एवं अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे और गश्ती अभियान चलाकर घटनास्थल की गहन जांच की। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसडीपीओ ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस की मुस्तैदी और जनता के सहयोग का परिणाम है। पुलिस अब पूरे अपराधी नेटवर्क की जांच में जुट गई है ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0