रामगढ़वा : नवदुर्गा माता का बेल निमंत्रण संपन्न, सप्तमी को शोभायात्रा के साथ खुलेगा माता का पट द्वार

Oct 16, 2026 - 19:25
0 3
रामगढ़वा : नवदुर्गा माता का बेल निमंत्रण संपन्न, सप्तमी को शोभायात्रा के साथ खुलेगा माता का पट द्वार

चम्पारण टुडे, पूर्वी चम्पारण

रामगढ़वा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रामगढ़वा प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ शुक्रवार को नवदुर्गा माता का विधि-विधान पूर्वक बेल निमंत्रण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अहिरौलिया के आचार्य धनंजय शास्त्री, रामजानकी मंदिर के आचार्य सुरेंद्र मिश्रा, शंकर मंदिर के आचार्य मनोज पांडेय सहित अन्य पूजा पंडितों ने बेल के पेड़ के समीप पूजन कर माता दुर्गा को निमंत्रण दिया। हिन्दू धर्म शास्त्रों में मान्यता है कि बेल निमंत्रण के बाद ही माता धरती लोक पर आकर भक्तों की पूजा-अर्चना स्वीकार करती हैं।

इस मौके पर विभिन्न नवरात्रि पूजा समिति के अध्यक्ष, सदस्य और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे। शंख, घंटा और जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सप्तमी को खुलेगा पट द्वार:
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि की सप्तमी तिथि (शनिवार) को बेलवा निमंत्रण की भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद वैदिक मंत्रों के साथ माता रानी के पट द्वार को खोला जाएगा। पट खुलते ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ेगी।

इस शोभायात्रा में पुलिस-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। भक्तों द्वारा चौक-चौराहों पर कलशयात्रा में शामिल लोगों के लिए फल और शरबत की व्यवस्था की जाएगी।

पूजा समिति द्वारा सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User