रक्सौल : बॉर्डर पर मानव तस्करी का प्रयास विफल, 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को नेपाल ले जाते नेपाली युवक को एसएसबी ने पकड़ा
चम्पारण टुडे /पूर्वी चम्पारण। रक्सौल, पूर्वी चंपारण। भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए, एसएसबी 47वीं वाहिनी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चंपारण और न्याय नेटवर्क परियोजना की संयुक्त कार्रवाई में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को नेपाल ले जाते........
चम्पारण टुडे /पूर्वी चम्पारण।
रक्सौल, पूर्वी चंपारण। भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए, एसएसबी 47वीं वाहिनी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चंपारण और न्याय नेटवर्क परियोजना की संयुक्त कार्रवाई में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को नेपाल ले जाते हुए एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई :
दिनांक 11 मई 2025 को रात लगभग 10:30 बजे, गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की टीम ने रक्सौल स्थित इंडियन ऑयल डिपो के पास एक युवक और नाबालिग लड़की को नेपाल की ओर जाते हुए रोका। पूछताछ में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर दोनों को हिरासत में लिया गया।
सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती :
काउंसलिंग के दौरान लड़की ने बताया कि कुछ दिनों पहले उसकी सोशल मीडिया पर उक्त युवक से दोस्ती हुई थी। युवक ने उसे घर से बिना बताए घोड़ासहन स्टेशन आने के लिए कहा, जहां से वह उसे ट्रेन द्वारा रक्सौल लाया। युवक ने नेपाल में शादी और नौकरी का झांसा देकर उसे बहलाया। लड़की ने यह भी बताया कि वह पहली बार उस युवक से मिल रही थी और उसे उसके नेपाल निवासी होने की जानकारी अब मिली है।
प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी :
पकड़े गए युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नाबालिग लड़की को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
टीम के सदस्य :
इस संयुक्त अभियान में एसएसबी 47वीं वाहिनी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम के इंस्पेक्टर विकास कुमार, अरविंद द्विवेदी, शिवांगी राज, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चंपारण की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता राज गुप्ता और न्याय नेटवर्क परियोजना से सामाजिक कार्यकर्ता गौरव कुमार दास शामिल थे।
मानव तस्करी के खिलाफ सतर्कता आवश्यक :
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर मानव तस्करी के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में सतर्कता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0