सीतामढ़ी :- जिला को 218 करोड़ की 83 योजनाओं की सौगात, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

सागर कुमार, चंपारण टुडे,,,सीतामढ़ी ब्यूरो,, सीतामढ़ी :- सड़कें बेहतर होंगी, सरकारी भवनों का निर्माण होगा और दूध उत्पादन से जुड़े किसानों को भी नई सुविधा मिलेगी। शनिवार को राघोपुर-बखरी में आयोजित कार्यक्रम में सीतामढ़ी को एक साथ 218 करोड़ रुपये की 83 विकास योजनाओं की सौगात मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिलापट्ट का अनावरण कर इनमें 82 योजनाओं का उद्घाटन और एक योजना का शि...........

Aug 08, 2026 - 22:35
Updated: 52 minutes ago
0 4
सीतामढ़ी :- जिला को 218 करोड़ की 83 योजनाओं की सौगात, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

..सीएम सम्राट चौधरी ने 82 योजनाओं का किया उद्घाटन, एक का शिलान्यास

..76.60 करोड़ से बनेगा मिल्क पाउडर प्लांट

सागर कुमार, चंपारण टुडे,,,सीतामढ़ी ब्यूरो,,

सीतामढ़ी :- सड़कें बेहतर होंगी, सरकारी भवनों का निर्माण होगा और दूध उत्पादन से जुड़े किसानों को भी नई सुविधा मिलेगी। शनिवार को राघोपुर-बखरी में आयोजित कार्यक्रम में सीतामढ़ी को एक साथ 218 करोड़ रुपये की 83 विकास योजनाओं की सौगात मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिलापट्ट का अनावरण कर इनमें 82 योजनाओं का उद्घाटन और एक योजना का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सीतामढ़ी डेयरी में 76.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 30 एमटीपीडी क्षमता के दुग्ध चूर्ण संयंत्र का भी शुभारंभ किया।

इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से जिले में सड़क, भवन, पुलिस आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। वहीं मिल्क पाउडर प्लांट शुरू होने के बाद जिले के दुग्ध उत्पादकों को अतिरिक्त दूध के प्रसंस्करण और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

भवन निर्माण विभाग की 25 योजनाएं

मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटित योजनाओं में भवन निर्माण विभाग की 76.25 करोड़ रुपये की 25 योजनाएं शामिल हैं। ग्रामीण कार्य विभाग के सीतामढ़ी कार्य प्रमंडल की 26.75 करोड़ की 15, बेलसंड की 5.80 करोड़ की छह और पुपरी कार्य प्रमंडल की 1.45 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की 16.85 करोड़ की पांच योजनाएं, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन पुपरी की 26.16 लाख रुपये की नौ योजनाएं, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम की 2.05 करोड़ रुपये की एक योजना तथा पथ निर्माण विभाग की 98 लाख रुपये की एक योजना भी इसमें शामिल है।

46.69 करोड़ की योजना का शिलान्यास

योजना एवं विकास विभाग के स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-01 सीतामढ़ी के अंतर्गत 46.69 करोड़ रुपये की एक योजना का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया।

लाभुकों को चेक और प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लोगों को सांकेतिक चेक और स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए।

डेयरी किसानों को मिलेगा फायदा

राज्य योजना 2025-26 एवं 2026-27 के तहत सीतामढ़ी डेयरी में बनने वाले 30 एमटीपीडी क्षमता के दुग्ध चूर्ण संयंत्र पर 76.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। संयंत्र के चालू होने के बाद अतिरिक्त दूध को वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्कृत कर सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे किसानों को दूध के लिए बेहतर बाजार मिलने और डेयरी क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उद्योग एवं खेल तथा सीतामढ़ी की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, जिले के विधायक, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी रिचि पाण्डेय, एसपी अमित रंजन सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User