सीतामढ़ी :- नेपाल से भारत ला रहे शराब की खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
सागर कुमार, चंपारण टुडे, "सीतामढ़ी ब्यूरो "
सीतामढ़ी :- परिहार सशस्त्र सीमा बल की (एसएसबी) 51वीं बटालियन, सीतामढ़ी के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए अभियान के तहत गुरुवार को कन्हवां एसएसबी कंपनी हेडक्वार्टर अंतर्गत सिरसिया बीओपी कैंप के जवानों के द्वारा की गई कार्रवाई में 108 लीटर नेपाली शराब के साथ तीन तस्कर को गिरफ्तार किया गया है । वही तस्करी में उपयोग हो रहे एक इलेक्ट्रॉनिक ऑटो को भी जब्त किया गया है। उक्त कार्रवाई असिस्टेंट कमांडेंट दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एसआई उत्तम चंद कौंडल व जवानों की टीम ने की। गिरफ्तार तस्करों की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के हुसैना पोखर निवासी मोहम्मद हैदर अली के पुत्र मोहम्मद सहजाद, बेला थाना क्षेत्र के सिरसिया बाजार निवासी खुदादीन अंसारी के पुत्र सकील अंसारी एवं मेहसौल थाना क्षेत्र के मेहसौल निवासी मोहम्मद गुलजार के पुत्र मोहम्मद सकील के रूप में की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सिरसिया बीओपी से एसएसबी की गश्ती टीम भारत-नेपाल सीमा की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान कंपनी कमांडर को नेपाल से इलेक्ट्रिक ऑटो के जरिए शराब तस्करी की एक सूचना मिली। सूचना पर जवानों ने बॉर्डर रोड पर निगरानी बढ़ा दी। करीब तीन बजे बीओपी से 20 मीटर दूर एक नीला इलेक्ट्रिक ऑटो आता दिखा। रोकने का इशारा करने पर सवार भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी में ऑटो से नेपाली गौरखा सोफी शराब की 360 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी। कुल 108 लीटर शराब के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो मेयूरी बी आर 30एफआर/2917 जब्त किया गया। एसएसबी के अनुसार, पूछताछ में शराब की खेप नेपाल के कट्टी से प्राप्त कर सीतामढ़ी में खपाने की तैयारी की बात सामने आई है। शराब किसी अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त किए जाने की बात बताई गई हैं। कार्रवाई के बाद जब्त शराब, इलेक्ट्रिक ऑटो एवं तस्करों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बेला थाना को सुपुर्द कर दिया गया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष अचल अनुराग ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए शुक्रवार को न्यायिक हिरासत सीतामढ़ी में भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)