सीतामढ़ी :- बजरंगबली के जयकारों से गूंजा शिवहर, महावीरी झंडा महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, जिला प्रशासन अलर्ट पर
सागर कुमार, चंपारण टुडे, ,, सीतामढ़ी ब्यूरो,,
सीतामढ़ी(शिवहर) :- जिले के फतेहपुर, मथुरापुर, बसहिया राम, धोबाही सहित विभिन्न गांवों में गुरुवार को महावीरी झंडा महोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा इलाका बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। वहीं फतेहपुर एवं धोबाही चौक पर आयोजित भव्य मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों ने पारंपरिक शौर्य और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। खिलाड़ियों के करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। इस दौरान जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
फतेहपुर गढ़ पर हुआ विभिन्न गांवों के झंडों का मिलान :-
महावीरी झंडा महोत्सव का मुख्य आकर्षण फतेहपुर गढ़ पर आयोजित झंडा मिलन कार्यक्रम रहा। यहां विभिन्न गांवों से पहुंचे महावीरी झंडों का पारंपरिक तरीके से मिलान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। रंग-बिरंगे झंडों और बजरंगबली के जयकारों से पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में डूबा नजर आया।
मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उठाया आनंद :-
फतेहपुर चौक पर आयोजित भव्य मेले में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। मेले में सजी चाट, पकौड़े, मिठाई और जलेबी की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। बच्चों ने मेले का जमकर आनंद उठाया, वहीं बड़े-बुजुर्गों ने भी मेले में घूमकर पारंपरिक उत्सव का लुत्फ उठाया। मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही शिवहर पुलिस :-
महावीरी झंडा जुलूस और मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भीड़भाड़ वाले इलाकों और झंडा मिलान स्थल पर विशेष निगरानी रखी गई। महावीरी झंडा महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)