बैरगनिया : धान के खेत में मौत का करंट, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 3 झुलसे, दो जंगली सूअरों की भी गई जान

बैरगनिया के तकिया टोला में धान के खेत में बिछे करंट प्रवाहित तार ने तीन लोगों की जान ले ली और तीन अन्य को झुलसा दिया। खेत में दो जंगली सूअरों के शव भी मिले हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Oct 03, 2026 - 11:16
0 18
बैरगनिया : धान के खेत में मौत का करंट, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 3 झुलसे, दो जंगली सूअरों की भी गई जान

न्यूज़ डेस्क /चम्पारण टुडे /सीतामढ़ी /बिहार
बैरगनिया के अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला में दर्दनाक हादसा, गांव में पसरा मातम
सीतामढ़ी/बैरगनिया। जिले के बैरगनिया प्रखंड अंतर्गत अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला में आज शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान के खेत में जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए बिजली का करंट प्रवाहित नंगा तार बिछाया गया था। इसी दौरान अंधेरे में खेत की ओर पहुंचे ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई। घटनास्थल के आसपास दो जंगली सूअरों के शव भी मिलने की बात सामने आई है।

खोई भैंस की तलाश में निकले थे ग्रामीण :-
बताया जा रहा है कि तड़के करीब 3 से 4 बजे कुछ लोग अपनी खोई हुई भैंस की तलाश में खेत की ओर गए थे। घना अंधेरा होने के कारण धान के खेत में बिछे बिजली के तार दिखाई नहीं दिए और लोग करंट की चपेट में आ गए। मृतकों में सलाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और हसमत अंसारी के नाम सामने आए हैं। वहीं तीन अन्य लोगों के झुलसने की सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

दो जंगली सूअर भी मिले मृत :-
हादसे के बाद खेत में दो जंगली सूअरों के शव मिलने से यह आशंका जताई जा रही है कि खेत के चारों ओर जंगली जानवरों को रोकने के लिए करंट प्रवाहित तार लगाया गया था। हालांकि, तार किसने और किस परिस्थिति में लगाया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की जांच :-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों तथा खेत में करंट प्रवाहित तार लगाए जाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User