डॉ. एलकेवीडी कॉलेज ताजपुर ने पूरे किए 57 वर्ष, विधायक बोले- बजट मंजूर होते ही बनेगा बड़ा पुस्तकालय भवन

स्थापना दिवस समारोह में कॉलेज के विकास कार्यों की चर्चा, नए विषयों की पढ़ाई शुरू कराने का प्रयास

Sep 04, 2026 - 19:22
0 14
डॉ. एलकेवीडी कॉलेज ताजपुर ने पूरे किए 57 वर्ष, विधायक बोले- बजट मंजूर होते ही बनेगा बड़ा पुस्तकालय भवन

Ramjee Kumar

समस्तीपुर। डॉ. लोहिया कर्पूरी विश्वेश्वर दास (एलकेवीडी) महाविद्यालय, ताजपुर ने अपनी स्थापना के 57 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. धर्मराज राम ने की। कार्यक्रम में मोरवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणविजय साहू और ताजपुर प्रखंड प्रमुख पूनम देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का फूल-माला और बुके से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना की संगीत विभाग की प्राध्यापक डॉ. रीता दास और जेडी वीमेंस कॉलेज, पटना की प्राध्यापक डॉ. रेखा दास के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान, सरस्वती वंदना और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों का सम्मान

स्थापना दिवस समारोह में महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. धर्मराज राम ने उन्हें पाग और चादर भेंट कर सम्मानित किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में समय के साथ कई विकास कार्य हुए हैं और संस्थान को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

बजट पास होने के बाद बनेगा बड़ा पुस्तकालय भवन : विधायक

मोरवा विधायक रणविजय साहू ने कहा कि महाविद्यालय के विकास के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार से बजट पारित होने के बाद महाविद्यालय में एक बड़े पुस्तकालय भवन के निर्माण की दिशा में काम किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिलेगी।

विधायक ने कहा कि महाविद्यालय में वर्तमान में संचालित विषयों के अतिरिक्त भूगोल, दर्शनशास्त्र और संगीत की पढ़ाई शुरू कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग से लेकर राजभवन स्तर तक प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महाविद्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण है और इसके शैक्षणिक विस्तार की जरूरत है।

पूर्व प्रधानाचार्य ने सुनाया कॉलेज का इतिहास

समारोह में महाविद्यालय के अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य डॉ. रामलाल महतो ने संस्थान के इतिहास पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना की परिस्थितियों और शुरुआती दौर से लेकर वर्तमान समय तक की विकास यात्रा के बारे में जानकारी दी।

अवकाश प्राप्त प्राध्यापक डॉ. मोहम्मद अनिसुर रहमान, डॉ. रामविलास महतो और प्रेमापति समेत अन्य वक्ताओं ने भी महाविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन कामिनी भारती और डॉ. मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, विद्यार्थी, पूर्व शिक्षक और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RAMJEE KUMAR

Mr. Ramjee Kumar S/O- Madan Kumar Niraj AT+PO- Malikaur, Via- Dighara Pusa, Samastipur-848115 Mob: 9525909590

Comments (0)

User