सीतामढ़ी :- बाढ़ पूर्व तैयारी: तटबंधों के सुरक्षार्थ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिला में कुल 24 स्थलों पर कटाव निरोधक कार्य कराए गए
सागर कुमार, चम्पारण टुडे (सीतामढ़ी ब्यूरो)
सीतामढ़ी :- मॉनसून पूर्व संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार द्वारा राज्य के विभिन्न बाढ़ संभावित जिलों में सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। विभाग पूरी सजगता एवं प्रतिबद्धता के साथ तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु बहुआयामी प्रयासों को गति दे रहा है। इस क्रम में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिला में कुल 24 स्थलों कटाव निरोधक, ब्रीच क्लोजर, संरचनात्मक मरम्मत एवं तटबंध सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्य कराया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर परिक्षेत्र में तिरहुत एवं बागमती तटबंधों के अंतर्गत मानिकपुर (किमी 25.12 से 25.75 तथा 26.25 से 26.51), दारधा (अखराघाट डाउनस्ट्रीम), नजीरपुर (एल.बी.जी.ई., 1.00 किमी), तथा बकुची, घोसौत, रघई, बेनीबाद, बलौर निधि (महादलित टोला एवं सती स्थल), चांदपुरा, पगा लक्ष्मी एवं जगनिया जैसे नदी तटीय गांवों में कुल 12 स्थलों पर बाढ़ पूर्व एहतियाती सुरक्षा कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों में तटबंध की मरम्मत, कटाव रोधी संरचनाएं तथा सुरक्षात्मक उपायों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
सीतामढ़ी परिक्षेत्र में 08 स्थलों पर बागमती नदी के दाएं एवं बाएं तटबंधों पर व्यापक सुरक्षा कार्य प्रारंभ किए गए हैं। इसमें तिलकताजपुर (किमी 53.50), मधकौल (किमी 37.50), सौली (किमी 34.00), कंसर–चंदौली (किमी 40.550 से 41.630), खरक डो धारा (चेन 46.20), सोनाखान–अख्था (किमी 5.00 से 6.50) तथा बागमती दायां तटबंध पर किमी 51.50 पर 105 मीटर लंबाई में ब्रीच क्लोजर कार्य प्रमुख हैं। इन सभी स्थलों पर कटाव निरोधी, सुराक्षत्मक एवं तटबंध मजबूती से जुड़े कार्यों को मानक गुणवत्ता के अनुरूप निष्पादित किया गया है।
शिवहर परिक्षेत्र में कुल 04 स्थलों पर बाढ़ पूर्व सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। इनमें बागमती दायां तटबंध (किमी 46.60 पर 45 मीटर लंबाई में ब्रीच क्लोजर कार्य), मोहरी साइट (किमी 32.90 से 33.60), कोठिया साइट (किमी 39.40 से 39.90 एवं किमी 44.80) तथा बरही जगदीशी गाँव (प्रखंड – पुर्नहिया, जिला – शिवहर) शामिल हैं। सभी स्थलों पर एंटी इरोज़न एवं ब्रेच क्लोजर से संबंधित कार्य उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराए जा रहे हैं।
इन सभी कार्यों का मुख्य उद्देश्य संभावित बाढ़, तटबंध क्षरण एवं कटाव से आमजन, कृषि भूमि तथा सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यों को नियत समय-सीमा के भीतर, निर्धारित मानकों के अनुरूप, पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया है। विभागीय अभियंताओं तथा पर्यवेक्षणीय टीमों द्वारा इन सभी स्थलों की सतत निगरानी की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, जल संसाधन विभाग द्वारा बाढ़ नियंत्रण हेतु 24x7 नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां से राज्य के किसी भी भाग से बाढ़ से संबंधित आपात सूचना प्राप्त की जा सकती है। आमजन बाढ़ के दौरान तटबंधों में सीपेज, पाइपिंग, कटाव, क्षरण या किसी भी प्रकार की जानबूझकर की गई क्षति की सूचना निम्नलिखित माध्यमों से तत्काल दे सकते हैं:
टोल फ्री नंबर: 1800-3456-145
दूरभाष संख्या: 0612-2206669 / 0612-2215850
प्राप्त सूचनाओं पर विभाग की विशेष टीमें शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं। जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार सभी नागरिकों से आग्रह करता है कि संभावित आपदा की किसी भी पूर्व सूचना को तत्काल साझा कर विभाग को सहयोग प्रदान करें, ताकि तटवर्ती आबादी की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0