पटना : युद्ध जैसे हालात में जन सुराज की बड़ी घोषणा, "हम राजनीति नहीं, देश के साथ हैं" – मनोज भारती
चम्पारण टुडे /पटना। भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात और युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए जन सुराज पार्टी ने एक बड़ा और जिम्मेदार फैसला लेते हुए अपने सभी आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। पार्टी ने साफ संदेश दिया है कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि देश ......
चम्पारण टुडे /पटना।
भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात और युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए जन सुराज पार्टी ने एक बड़ा और जिम्मेदार फैसला लेते हुए अपने सभी आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। पार्टी ने साफ संदेश दिया है कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि देश और सैनिकों के साथ खड़े रहने का है।
पार्टी अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि 15 मई तक पार्टी कोई भी सार्वजनिक राजनीतिक गतिविधि नहीं करेगी। उन्होंने कहा, "देश की सीमाओं पर जब हमारे जवान अपनी जान की बाज़ी लगाकर देश की रक्षा कर रहे हैं, तब जन सुराज पार्टी का नैतिक कर्तव्य बनता है कि वह राजनीति से हटकर सिर्फ देशहित में खड़ी हो। हम हर हाल में देश के सैनिकों के साथ हैं।"
इस दौरान पार्टी महासचिव किशोर कुमार ने बताया कि 11 मई को नालंदा जिले के कल्याण बिगहा से शुरू होने वाला हस्ताक्षर अभियान और उद्घोष यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी 15 मई को देश में स्थिति की समीक्षा के बाद ही आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे, जिनमें कन्हैया सिंह, ए.के. द्विवेदी, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, प्रदेश महासचिव सरवर अली, प्रदेश सचिव प्रो. शांतनु, प्रवक्ता सैयद मसीह उद्दीन और चंदन कुमार शामिल रहे।
जन सुराज पार्टी के इस फैसले को राजनीतिक से ज़्यादा राष्ट्रभक्ति से जुड़ा कदम माना जा रहा है। पार्टी का यह निर्णय स्पष्ट रूप से संदेश देता है कि जब देश पर संकट हो, तब राजनीति को पीछे छोड़कर राष्ट्र के साथ खड़ा होना ही असली जन सुराज है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0