सुगौली: पुलिस की बड़ी कामयाबी: 70 लाख की 61 किलो चांदी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अमरुल आलम की रिपोर्ट सुगौली,पू.च: स्थानीय थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 70 लाख रुपए मूल्य के करीब 61 किलो चांदी के गहनों के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-28) पर चिलझपट्टी चौक के समीप की गई। पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने संयुक्त .....
अमरुल आलम की रिपोर्ट
सुगौली,पू.च: स्थानीय थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 70 लाख रुपए मूल्य के करीब 61 किलो चांदी के गहनों के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-28) पर चिलझपट्टी चौक के समीप की गई। पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि नेपाल की ओर से तस्करी कर एक कार से भारी मात्रा में चांदी के गहने भारत लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध लाल रंग की दिल्ली नंबर कार को रोककर जांच की गई, जिस पर दो लोग सवार थे। पुलिस पूछताछ में कार सवारों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। संदेह होने पर कार को थाने लाया गया और जब कार की गहन जांच की गई तो उसके दरवाजे के भीतर छिपाकर रखे गये चांदी के गहने बरामद हुए। बरामद चांदी के आभूषणों में पायल, पर्स,कड़ा,झुमका,अंगूठी,मछली,लॉकेट,चांभी रिंग सहित अन्य कई प्रकार के गहने शामिल हैं। बरामद गहनों का कुल वजन लगभग 61 किलो है, जिसकी अनुमानित कीमत बाजार में करीब 70 लाख रुपए आंकी गई है। पकड़े गए कारोबारियों की पहचान नेपाल के वीरगंज निवासी शंकर साह सोनार तथा पश्चिमी चम्पारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैसखवां गांव निवासी शशिभूषण साह के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही जब्त चांदी के गहनों को सुरक्षित रख पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि बरामद आभूषण सीमा पार से बड़े पैमाने पर तस्करी कर भारत लाए जा रहे थे।स्थानीय पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुट गई है।
----
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)