केसरिया: केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा ने किया नामांकन दाखिल
एनडीए समर्थित सभा में उमड़ा जनसैलाब, ऐतिहासिक जीत का किया दावा
अमरुल आलम की रिपोर्ट केसरिया,पू.चः एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी एवं केसरिया विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विधायक शालिनी मिश्रा ने शुक्रवार को मोतिहारी अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए सैकड़ों समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ अपने प्रिय नेतृत्त्व का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। नामांकन दाखिल करने के बाद विधायक शालिनी मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारी लड़ाई किसी से नहीं है, बल्कि विकास और सुशासन की राह को और सशक्त बनाने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार की जीत ऐतिहासिक होगी और जनता एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाएगी। नामांकन के पश्चात एनडीए की ओर से केसरिया विधानसभा क्षेत्र के हुसैनी हाई स्कूल परिसर में आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में जदयू, भाजपा और हम पार्टी के नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। मंच से वक्ताओं ने एनडीए सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और शालिनी मिश्रा को पुनः विजयी बनाने की अपील की। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखते ही बनता था। महिलाओं और युवाओं की भी भारी भागीदारी रही,जिन्होंने ‘एक बार फिर एनडीए सरकार’ के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0