सीतामढ़ी :- अब तक 819 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित

May 7, 2025 - 20:54
 0  18
सीतामढ़ी :- अब तक 819 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित

सागर कुमार, चम्पारण टुडे (सीतामढ़ी ब्यूरो)

सीतामढ़ी :- जिले के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता को नई दिशा देने वाला ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम बदलाव की मजबूत नींव बनता जा रहा है। 18 अप्रैल से चल रहे इस अभियान के 20वें दिन बुधवार को 7,000 से अधिक महिलाओं ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई और अपने जीवन और समाज से जुड़ी समस्याओं, आकांक्षाओं और सुझावों को खुलकर साझा किया।

यह संवाद कार्यक्रम जिले के 42 चयनित स्थलों पर रोजाना आयोजित हो रहा है, जिसके संचालन हेतु 21 संवाद रथ व्यवस्था किए गए हैं। ये रथ प्रतिदिन दो पालियों में अलग-अलग पंचायतों में जाकर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। एलईडी स्क्रीन पर राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं से जुड़ी लघु फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं, ताकि महिलाएं योजनाओं को सरल और रोचक तरीके से समझ सकें, तथा लाभान्वित होने के लिए अग्रसर हो सके।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं को योजनाओं से संबंधित लीफलेट और मुख्यमंत्री का संदेश भी वितरित किया जा रहा है। इन सामग्रियों में योजनाओं की जानकारी सहज भाषा में दी गई है, जिससे महिलाएं उन्हें आसानी से आत्मसात कर पा रही हैं।

बुधवार को आयोजित संवाद सत्र में महिलाओं ने बुनियादी संरचना, शिक्षा से जुड़ी समस्या, आर्थिक सहयोग, स्वास्थ्य सुविधा, स्वरोजगार, समूह ऋण, कन्या उत्थान योजना, वृद्धा पेंशन, जन वितरण प्रणाली, सुरक्षा पर अपनी आकांक्षा और अपने अनुभवों को साझा किया। कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, और स्वयं सहायता समूह के माध्यम से मिले रोजगार अवसरों का लाभ मिलने की बात कही।

कार्यक्रम की एक खासियत यह भी है कि महिलाओं द्वारा व्यक्त की गई समस्याओं और सुझावों को मौके पर ही रजिस्टर में दर्ज कर संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि इनके समाधान हेतु जानकारी साझा किया जा सके।

इसी क्रम में बुधवार को सीतामढ़ी के बेलसंड प्रखंड के लोहासी पंचायत के आकाश जीविका महिला ग्राम संगठन में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें 189 महिलाओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई तथा अपने अपने अनुभव को साझा किए तथा सभी महिलाओं के द्वारा अपनी अपनी समस्याएं और आकांक्षाएं भी बताई गई जिनमें मुख्यत:

1) शैल देवी द्वारा वार्ड 11 में स्ट्रीट लाइट तथा सामुदायिक भवन की मांग ।

2) सावित्री देवी तथा उपस्थित महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से वृद्धा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना में वृद्धि की मांग ।

3) मुन्नी देवी द्वारा वार्ड 10 में चबूतरा निर्माण की मांग ।

4) संगीता देवी द्वारा वार्ड 10 के महिलाओं के लिए सामूहिक तौर पर रोजगार हेतु अगरबत्ती, पापड़ आदि पर प्रशिक्षण की मांग ।

इस कार्यक्रम में जीविका जिला कार्यालय से अभिषेक कुमार, प्रबंधक-संचार, अमन कुमार, युवा पेशेवर-सामाजिक विकास तथा जीविका बेलसंड कार्यालय से इम्तियाजुल रहमान, क्षेत्रीय समन्वयक, दीपक कुमार, सामुदायिक समन्वयक आदि उपस्थित रहें ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0