घोड़ासहन : श्रीपुर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, सैकड़ों शिकायतें और आवेदन प्राप्त
श्रीपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े सैकड़ों आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन ने सभी मामलों पर 30 दिनों के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जबकि कुछ विभागों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।
चम्पारण टुडे /सिकरहना /पूर्वी चम्पारण
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा सहित कई योजनाओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई; 30 दिनों में कार्रवाई का आश्वासन
घोड़ासहन (पूर्वी चम्पारण): श्रीपुर पंचायत स्थित गांधी सभागार (पंचायत सरकार भवन) परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया उदय सोनम जायसवाल ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन सीओ अतुल कुमार बादल, बीपीआरओ, थानाअध्यक्ष, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम विकास समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन जमा किए। प्राप्त आवेदनों में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, विद्यालय तक जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटाने, विद्यालय भवन निर्माण, सड़क, नाला तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें प्रमुख रहीं। इस दौरान पात्र लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीओ श्री बादल ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों पर 30 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। शिविर में ग्रामीणों ने यह शिकायत भी दर्ज कराई कि आंगनबाड़ी भवन का निर्माण पूरा होने के बावजूद केंद्र का संचालन शुरू नहीं किया गया है। इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। हालांकि, संबंधित मामले में दूरभाष पर संपर्क किए जाने के बावजूद सीडीपीओ की ओर से तत्काल संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
मुखिया उदय सोनम जायसवाल ने कहा कि ऐसे सहयोग शिविरों से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है। उन्होंने श्रीपुर दक्षिण विद्यालय में पर्याप्त वर्ग कक्ष एवं बेंच-डेस्क की कमी पर भी चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा विभाग से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की। शिविर में बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व, ग्रामीण विकास तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग और लघु सिंचाई विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी के उपस्थित नहीं होने पर मुखिया उदय सोनम जायसवाल तथा सरपंच रंजीत देवी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे जनहित की उपेक्षा बताया। इस अवसर पर सभी वार्ड सदस्य, वार्ड पंच, स्वच्छता पर्यवेक्षक, कार्यपालक सहायक, पंचायत समिति सदस्य सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)