रामगढ़वा। होली को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, डीजे व अश्लील गाना पर प्रतिबंध, शांति व सौहार्द की अपील, पियक्कड़ों पर पैनी नजर

Mar 02, 2026 - 18:42
Updated: 2 months ago
0 16
रामगढ़वा। होली को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, डीजे व अश्लील गाना पर प्रतिबंध, शांति व सौहार्द की अपील, पियक्कड़ों पर पैनी नजर

चम्पारण टूडे / पूर्वी चम्पारण / रामगढ़वा
रामगढ़वा थाना क्षेत्र में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार संध्या फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह के नेतृत्व में पुलिस बल, रक्सौल एएलएफ टीम एवं चौकीदारों ने नए थाना परिसर से रामगढ़वा बाजार, गोला रोड, ब्लॉक रोड सहित प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से आम जनता से अपील की कि होली का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दिन डीजे और अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति डीजे या आपत्तिजनक गीत बजाते हुए पकड़ा गया, तो डीजे संचालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का भरोसा दिलाया है। थानाध्यक्ष ने बाजार क्षेत्र में आने वाले ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन इधर-उधर खड़ा न करें और अपनी गाड़ियों की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें। सड़कों के किनारे ई-रिक्शा, दोपहिया या चारपहिया वाहन खड़ा करने से बचें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन न लगाएं। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर थाना पीएसआई सुमित कुमार, अजीत सिंह, किरण देवी तथा चौकीदार संजय सिंह, नवल यादव, प्रमोद यादव, देवनारायण सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि होली का त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User