घोड़ासहन में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, चार सेंटर सील, मचा हड़कंप
पूर्वी चम्पारण जिले के घोड़ासहन में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर शुरू की गई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सिकरहना एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने घोड़ासहन के प्रमुख इलाकों गांधी नगर, मिडिल स्कूल रोड, मुख्य बाजार, वीरता चौक समेत कई स्थानों पर एक-एक कर अल्ट्रासाउंड........
चम्पारण टुडे /सिकरहना /पूर्वी चम्पारण।
पूर्वी चम्पारण जिले के घोड़ासहन में अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर शुरू की गई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सिकरहना एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने घोड़ासहन के प्रमुख इलाकों गांधी नगर, मिडिल स्कूल रोड, मुख्य बाजार, वीरता चौक समेत कई स्थानों पर एक-एक कर अल्ट्रासाउंड केंद्रों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कई अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पास न तो आवश्यक वैध लाइसेंस मिले और न ही सरकारी मानकों के अनुरूप दस्तावेज। इसके अलावा कई जगहों पर मशीनों के संचालन, रिकॉर्ड संधारण और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों में गंभीर अनियमितताएं भी पाई गईं। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
निरीक्षण के क्रम में भवानी अल्ट्रासाउंड अम्बिका पैलेस रोड, सिटी अल्ट्रासाउंड मिडिल स्कूल रोड, अपोलो अल्ट्रासाउंड वीरता रोड और गायत्री अल्ट्रासाउंड वीरता चौक को नियमों के उल्लंघन के आरोप में सील कर दिया गया। सीलिंग की इस कार्रवाई के बाद पूरे बाजार में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालकों में भय और अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पूरे अभियान में एसडीएम सिकरहना के साथ बीडीओ घोड़ासहन और अन्य प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0