सुगौली: पूजा की रही धूम, पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अमरुल आलम की रिपोर्ट सुगौली, पू. च : विजयादशमी पर्व को लेकर सुगौली प्रखंड और नगर क्षेत्र में बुधवार को चारों तरफ उल्लास और उमंग का माहौल रहा। महानवमी के अवसर पर सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर माता दुर्गा की जयकार गूंजती रही और लोगों ने पूरे आस्था भाव से महानवमी की पूजा-अर्चना की। पूजा पंडालों में दिनभर माता की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता......
अमरुल आलम की रिपोर्ट सुगौली, पू. च : विजयादशमी पर्व को लेकर सुगौली प्रखंड और नगर क्षेत्र में बुधवार को चारों तरफ उल्लास और उमंग का माहौल रहा। महानवमी के अवसर पर सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर माता दुर्गा की जयकार गूंजती रही और लोगों ने पूरे आस्था भाव से महानवमी की पूजा-अर्चना की। पूजा पंडालों में दिनभर माता की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
महानवमी के मौके पर विभिन्न पूजा समितियों द्वारा हवन-अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार कन्या भोज का आयोजन भी हुआ, जिसमें छोटी-छोटी कुंवारी कन्याओं को आमंत्रित कर भोजन कराया गया और उन्हें उपहार स्वरूप चुनरी एवं अन्य सामग्री भेंट की गई। इस धार्मिक माहौल ने पूरे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
इस दौरान सुगौली विधानसभा क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी सुनील सिंह ने नगर सहित विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर माता दुर्गा का आशीर्वाद लिया। उन्होंने माता से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और अमन-चैन की प्रार्थना की। उनके साथ जदयू के वरिष्ठ नेता सुनील भूषण ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, युवा जदयू अध्यक्ष ध्रुव कुशवाहा और जिला सचिव गोविंद सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सुनील सिंह ने इस मौके पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें दशहरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और इससे हमें समाज में सकारात्मकता और एकता का संदेश मिलता है। पूरे क्षेत्र में विजयादशमी को लेकर उत्साह चरम पर है। बुधवार को महानवमी के साथ ही पूजा पंडालों और मेले में भारी भीड़ रही।
रात में भी पंडालों की रंगीन रोशनी और आकर्षक सजावट ने लोगों को अपनी ओर खींचा। वहीं, दशहरा पर्व के समापन के साथ अगले दिन प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारी भी जोर-शोर से शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0