सुगौली: सुरक्षित यातायात के लिए उठाया सराहनीय कदम
राजा हीरो आटोमोबाइल द्वारा ताज बाबू चौक पर लगाया गया बैरियर
अमरुल आलम की रिपोर्ट सुगौली, पू.च: नगर के व्यस्तम ताज बाबू चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राजा हीरो आटोमोबाइल के प्रोपराइटर मोहम्मद इरशादुल्लाह उर्फ राजा भैया ने एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने चौक पर बैरियर लगवाकर स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। यह कदम न केवल नगरवासियों के लिए राहत का विषय बना है, बल्कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में भी सहायक सिद्ध होगा। ज्ञात हो कि ताज बाबू चौक राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां चौबीसों घंटे वाहनों की आवाजाही रहती है। भारी वाहनों और तेज रफ्तार दोपहिया/चारपहिया वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रही हैं। इस चौक पर राहगीरों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, व्यवसायियों और ग्रामीणों की सुरक्षा लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई थी। कई बार लोगों ने जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस से भी इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की थी। इसी परिस्थिति को देखते हुए राजा हीरो आटोमोबाइल ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए बैरियर लगवाया। इस अवसर पर सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहें। थानाध्यक्ष ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है, जिससे सड़क पर नियंत्रण बनेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित समाज बनाने में सहयोग दें। प्रोपराइटर मोहम्मद इरशादुल्लाह उर्फ राजा भैया ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ व्यापार करना नहीं है, बल्कि समाज की सेवा करना भी है। "सुरक्षित यातायात, सुरक्षित समाज" के संकल्प के साथ उन्होंने यह कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यदि आमजन और प्रशासन मिलकर सहयोग करें तो निश्चित ही क्षेत्र को दुर्घटनामुक्त बनाया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम समय की मांग थी। बैरियर लगने से जहां सड़क पार करने वालों को सुविधा होगी वहीं तेज रफ्तार वाहन चालकों की लापरवाही भी रुकेगी। लोगों ने अपेक्षा जताई कि भविष्य में भी समाज के अन्य व्यवसायी और संस्थाएं इसी तरह की पहल करके समाज हित में योगदान देंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0